(रशीद क़ुरैशी)
महोबा। शहर कोतवाली क्षेत्र के आल्हा चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया जब ई-रिक्शा में सवार एक अधिवक्ता के साथ टप्पेबाजी की घटना को अंजाम देकर एक शातिर टप्पेबाज मौके से फरार हो गया। यह घटना मंगलवार को उस वक्त हुई जब पीड़ित अधिवक्ता सदर तहसील की ओर ई-रिक्शा से जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बीच रास्ते में ई-रिक्शा रोककर एक अज्ञात व्यक्ति उसमें सवार हुआ। ई-रिक्शा ने जैसे ही दो सौ मीटर की दूरी तय की, टप्पेबाज ने शातिर तरीके से अधिवक्ता से सामान ठग लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के खुलासे के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। थाना कोतवाली नगर महोबा में प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर टप्पेबाज को गिरफ्तार किया जाएगा।